मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल के स्कूलों में लागू होगी डिजिटल शिक्षा: 6वीं से 12वीं के पाठ्यक्रम में AI शामिल करने की तैयारी, बोर्ड ने तैयार किया प्रारूप

सार

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBose) प्रदेश के स्कूली छात्रों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है।

2 मिनट
हिमाचल के स्कूलों में लागू होगी डिजिटल शिक्षा: 6वीं से 12वीं के पाठ्यक्रम में AI शामिल करने की तैयारी, बोर्ड ने तैयार किया प्रारूप

धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBose) प्रदेश के स्कूली छात्रों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। बोर्ड ने कक्षा 6वीं से 12वीं तक के पाठ्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को शामिल करने की तैयारी पूरी कर ली है।

इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बोर्ड सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में एआई दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण और आवश्यक तकनीकों में शामिल हो चुका है। विश्व की कुल एआई लिटरेट (तकनीकी रूप से साक्षर) आबादी का लगभग 17 प्रतिशत हिस्सा भारत में है, जिसे देखते हुए स्कूली स्तर पर ही इसकी शिक्षा देना समय की मांग है।

बोर्ड सचिव ने बताया कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) करीब पांच-छह वर्ष पहले ही एआई को स्किल सब्जेक्ट के रूप में अपने पाठ्यक्रम में शामिल कर चुका है और अब अन्य राज्य बोर्ड भी इसे अपना रहे हैं।

ऐसे में हिमाचल के छात्रों को तकनीकी क्षेत्र में आगे रखने के लिए दो विशेष कार्यशालाओं का आयोजन कर इस पाठ्यक्रम का अंतिम प्रारूप तैयार किया गया है। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि इसे इस तरह डिजाइन किया गया है ताकि छात्रों पर पढ़ाई का अतिरिक्त बोझ न पड़े।

कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्रों के लिए 15 घंटे का एक परिचयात्मक कार्यक्रम होगा, जिसे जनरल साइंस के साथ जोड़ा जाएगा। वहीं, 9वीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए इसे अलग विषय बनाने के बजाय पहले से चल रहे कंप्यूटर साइंस विषय के अंतर्गत ही समाहित किया जाएगा।

पाठ्यक्रम का प्रारूप पूरी तरह तैयार होने के बाद अब इसे अमलीजामा पहनाने के लिए राज्य सरकार की मंजूरी का इंतजार है। बोर्ड ने इस विषय पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुति (Presentation) देने का अनुरोध किया है, जिसमें शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव,

शिक्षा निदेशक और एसपीडी शामिल हो सकते हैं। डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि बोर्ड का मुख्य कार्य पाठ्यक्रम तैयार कर सरकार को सौंपना था, जो पूरा हो चुका है। अब स्कूलों में इसे लागू करने, कंप्यूटर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने और अध्यापकों की व्यवस्था करने पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया जाएगा।

इस योजना के लागू होने से हिमाचल के छात्र भविष्य की तकनीकी चुनौतियों और रोजगार के नए अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।

इस खबर को शेयर करें