बनखंडी से शुरू हुई शिक्षक संघ की पदयात्रा, शिक्षा व्यवस्था और जेबीटी शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद
हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में निकाली जा रही पदयात्रा शिमला पहुंच गई है। कांगड़ा जिले के बनखंडी से 11 जुलाई को शुरू हुई यह पदयात्रा 26 जुलाई को राजधानी शिमला में समाप्त होगी। इसी दिन शिक्षक संघ की ओर से सरकार के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम हिमाचल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से प्रदेश के स्कूलों की स्थिति प्रभावित होगी और शिक्षा के स्तर पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।
खाली पदों और जेबीटी पदोन्नति का उठाया मुद्दा
रमेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं, जिससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। उन्होंने सरकार से जेबीटी शिक्षकों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। शिक्षकों की कमी के कारण अभिभावक अपने बच्चों को दूसरे स्कूलों में दाखिल करवाने को मजबूर हो रहे हैं, जिसके बाद कई स्कूलों पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है।
26 जुलाई को शिमला में होगी रैली
शिक्षक संघ ने अपनी मांगों को लेकर 26 जुलाई को शिमला में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है। संघ का कहना है कि सरकार को प्राथमिक शिक्षा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
रैली के माध्यम से शिक्षक संघ न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम का विरोध, खाली पदों को भरने और जेबीटी शिक्षकों की पदोन्नति समेत अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube