मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

अर्की अग्निकांड ने उजागर की सरकार की संवेदनहीनता: जयराम ठाकुर

सार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को अर्की में हुए भीषण अग्निकांड स्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनके दुख में सहभागी बने। इस दौरान शिमला से भाजपा सांसद सुरेश कश्यप भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों की समस्याएं सुनीं।

2 मिनट
अर्की अग्निकांड ने उजागर की सरकार की संवेदनहीनता: जयराम ठाकुर

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को अर्की में हुए भीषण अग्निकांड स्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनके दुख में सहभागी बने। इस दौरान शिमला से भाजपा सांसद सुरेश कश्यप भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों की समस्याएं सुनीं।

जयराम ठाकुर ने स्थानीय भाजपा नेताओं के आग्रह पर उन साहसी युवाओं को सम्मानित किया, जिन्होंने जान की परवाह किए बिना आग की लपटों के बीच फंसे लोगों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई और कई जिंदगियां बचाईं। उन्होंने इस घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताते हुए कहा कि घरों के भीतर ही नौ लोगों का जिंदा जल जाना मानवता को झकझोर देने वाला दृश्य है।

नेता प्रतिपक्ष ने इस मामले में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के रवैये को असंवेदनशील करार दिया। उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले भले ही दूसरे राज्यों के मजदूर थे, लेकिन सरकार का दायित्व और संवेदना सभी के लिए समान होनी चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि अग्निकांड के समय पर्याप्त फायर टेंडर मौके पर क्यों नहीं पहुंचे और समय रहते आग पर काबू क्यों नहीं पाया जा सका, जिससे इतनी बड़ी जनहानि हुई। जयराम ठाकुर ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार को कड़े सुरक्षा मानक तय करने होंगे और अग्निशमन व आपदा प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना होगा।

अग्निकांड के साथ-साथ उन्होंने कांग्रेस सरकार के भीतर चल रहे आंतरिक घमासान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बीच तालमेल की कमी अब सड़कों पर साफ दिख रही है। मंत्रियों के बीच आपसी टकराव को उन्होंने हास्यास्पद बताते हुए कहा कि सत्ता की बागडोर पूरी तरह ढीली पड़ चुकी है।

नेता प्रतिपक्ष ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विभाग से जुड़े कथित घोटालों पर उनकी चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि या तो दोषी बेहद ताकतवर हैं या फिर सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों की मौन सहमति इसमें शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रिमंडल में वर्चस्व की यह जंग स्वयं सरकार द्वारा लगाई गई आग है, जिसमें जनहित और सुरक्षा व्यवस्था हाशिये पर चली गई है।

जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस को प्रशासनिक विफलता, भ्रष्टाचार और संवेदनहीनता का भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष सोलन रत्तन पाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें