एसडीएम ने कहा- मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों पर होगी कार्रवाई, अभिभावक सुरक्षा व्यवस्था देखकर ही कराएं दाखिला
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमीरपुर प्रशासन ने जिले में संचालित निजी कोचिंग शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासन ने सरकार और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।
हमीरपुर में वर्तमान में 18 निजी कोचिंग शिक्षण संस्थान संचालित हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने पाया कि कई संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा मानक पूरी तरह लागू नहीं किए गए हैं।
एसडीएम हमीरपुर संजित सिंह ने बताया कि सभी निजी कोचिंग संस्थानों को सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए एक माह का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के बाद जो संस्थान नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आगजनी की घटनाओं के बाद प्रशासन सतर्क
एसडीएम ने बताया कि दिल्ली सहित अन्य शहरों में कोचिंग संस्थानों में आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें छात्रों को नुकसान उठाना पड़ा था। इन्हीं घटनाओं को देखते हुए हमीरपुर में भी सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी कोचिंग संस्थानों को भवन सुरक्षा, आपातकालीन व्यवस्थाओं और अन्य जरूरी मानकों को पूरा करना होगा।
सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
संजित सिंह ने कहा कि प्रशासन को उम्मीद है कि सभी निजी कोचिंग संस्थान जल्द से जल्द आवश्यक सुधार करेंगे और बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करेंगे।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों का दाखिला ऐसे ही संस्थानों में करवाएं, जहां सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम उपलब्ध हों।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक माह बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube