हमीरपुर।
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के लिए गर्व का क्षण है। ढोह गाँव के निवासी और भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी भूपेंद्र सिंह कंवर ने एयर वाइस मार्शल के पद पर पदोन्नत होकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा हमीरपुर जिला और प्रदेश गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
भूपेंद्र सिंह कंवर के नाम एक विशेष रिकॉर्ड भी जुड़ गया है। वह सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा से एयर कमोडोर बनने वाले पहले अधिकारी थे और अब इसी स्कूल से एयर वाइस मार्शल के पद तक पहुँचने वाले भी वह प्रथम अधिकारी बन गए हैं।
उन्होंने 13 अप्रैल 2026 को वायुसेना मुख्यालय में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (पर्सनल एंड सिविलियन्स) के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया है। लगभग 34 वर्षों की उत्कृष्ट एवं समर्पित सैन्य सेवा के बाद उनकी यह पदोन्नति युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
एयर वाइस मार्शल कंवर का जन्म हमीरपुर के ढोह गाँव में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा कंजियांण (भोरंज) और ऊना में हुई। 1981 में सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के चौथे बैच में प्रवेश लिया। 1987 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के 78वें कोर्स का हिस्सा बने। 1991 में भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग नेविगेशन शाखा में कमीशन प्राप्त किया।
भूपेंद्र सिंह कंवर के भाई वीरेंद्र कंवर ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा मेरे भाई शुरू से ही मेहनती रहे हैं। उनकी कड़ी मेहनत और देशभक्ति का ही परिणाम है कि आज वह इस मुकाम पर पहुँचे हैं। उनकी इस उपलब्धि से हमारा पूरा परिवार और समाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर इस तरह के उच्च पद को प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने एयर वाइस मार्शल कंवर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इलाके के लोगों का मानना है कि भूपेंद्र सिंह कंवर की यह सफलता यह दर्शाती है कि अनुशासन और प्रतिबद्धता के बल पर कोई भी ऊँचाई हासिल की जा सकती है। ढोह गाँव और आसपास के क्षेत्रों में उनकी पदोन्नति के बाद से ही जश्न का माहौल है।