मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने 5 साल के बेटे का गला घोंटा, फिर सीने से बांधकर खुद लगा ली फांसी

सार

हरियाणा के फरीदाबाद जिले के दयालपुर गांव से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है।

2 मिनट
फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने 5 साल के बेटे का गला घोंटा, फिर सीने से बांधकर खुद लगा ली फांसी

फरीदाबाद

हरियाणा के फरीदाबाद जिले के दयालपुर गांव से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 32 वर्षीय पिता ने पहले अपने 5 साल के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर उसके शव को अपने सीने से रस्सी के सहारे बांधकर खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया। इस खौफनाक कदम के पीछे पारिवारिक कलह और आपसी विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान 32 वर्षीय सागर और उसके 5 वर्षीय बेटे रक्षित के रूप में हुई है। सागर पेशे से ड्राइवर था और दयालपुर स्थित अपने पैतृक मकान में अकेला रहता था। पुलिस के अनुसार, सागर का अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अक्सर विवाद रहता था।

इसी कलह के कारण पिछले 6 महीनों से उसकी पत्नी सपना और बेटा रक्षित दयालपुर से दूर मचगर गांव में किराए के मकान में अपने ससुर के साथ रह रहे थे।

दिनदहाड़े वारदात को दिया अंजाम

रविवार सुबह सागर मचगर गांव गया और अपने बेटे रक्षित को यह कहकर साथ ले आया कि वह उसे खाना खिलाएगा और दयालपुर घुमाकर लाएगा। शाम तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो सागर के माता-पिता उसकी तलाश में दयालपुर पहुंचे।

वहां मुख्य द्वार अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से जब वे दीवार फांदकर अंदर गए और कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। सागर का शव छत के पंखे से लटका हुआ था और उसने अपने मासूम बेटे रक्षित के शव को रस्सी से अपने सीने के साथ बांध रखा था। मासूम के गले पर गला घोंटने के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।

पारिवारिक कलह और उग्र स्वभाव बना वजह

सागर के पिता रूपचंद ने पुलिस को बताया कि सागर का स्वभाव काफी उग्र और हिंसक था, जिसके कारण वे उससे अलग रहने को मजबूर थे। रविवार सुबह भी सागर का परिवार के साथ किसी बात पर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह बच्चे को लेकर निकला था।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस ने सागर के खिलाफ अपने बेटे की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

इस खबर को शेयर करें