मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

डोडरा क्वार से 85 वर्षीय महिला मरीज एयरलिफ्ट, पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती

सार

बर्फबारी के बीच प्रदेश सरकार की तत्परता, एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर से पहुंचाया गया सुरक्षित

2 मिनट
डोडरा क्वार से 85 वर्षीय महिला मरीज एयरलिफ्ट, पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के दुर्गम क्षेत्र डोडरा क्वार से एक 85 वर्षीय महिला मरीज को गंभीर हालत में एयरलिफ्ट कर पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया है। प्रदेश सरकार के त्वरित प्रयासों से यह राहत कार्य रविवार को बर्फबारी के बीच सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार डोडरा क्वार निवासी 85 वर्षीय धर्मी पिछले एक सप्ताह से अंधरंग (पैरालिसिस) से पीड़ित थीं, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। मरीज के बेटे जिया सेन ने 31 जनवरी को एसडीएम डोडरा क्वार और नायब तहसीलदार के समक्ष मामला रखा और प्रशासन से एयरलिफ्ट की गुहार लगाई।

जिला प्रशासन शिमला ने तुरंत प्रदेश सरकार को पत्र भेजकर एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर के माध्यम से मरीज को उच्च चिकित्सा संस्थान ले जाने की सिफारिश की। प्रदेश सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एयरफोर्स से संपर्क स्थापित किया, जिसके बाद रविवार को दो हेलीकॉप्टर डोडरा क्वार भेजे गए।

एक हेलीकॉप्टर में मरीज और एक तीमारदार को एयरलिफ्ट किया गया, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर से मरीज के अन्य परिजनों को भेजा गया। प्रारंभिक योजना के अनुसार मरीज को आईजीएमसी शिमला लाया जाना था, लेकिन शिमला में खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। इसके बाद प्रशासन ने निर्णय लिया कि मरीज को सीधे पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया जाए।

डिप्टी सेक्रेटरी जीएडी अनिल मनकोटिया ने एयरफोर्स प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया, जबकि एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा ने पीजीआई में मरीज के परिजनों की सभी औपचारिकताओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया।

वहीं पीजीआई में डिप्टी डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन पंकज राय और प्रशासनिक अधिकारी आशीष द्वारा मरीज के उपचार और जांच की निगरानी की जा रही है।

इस खबर के विषय

  • airlift
  • elderly patient
  • Dodra Kwar
  • PGI Chandigarh
  • Air Force
  • healthcare

इस खबर को शेयर करें