बिलासपुर। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत बिलासपुर जिले के 22 चयनित गांवों में जल्द ही विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने यह जानकारी बचत भवन बिलासपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय अभिसरण समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए जिले के चारों विकास खंडों की 22 ग्राम पंचायतों के गांवों का चयन किया गया है। इस योजना के तहत उन गांवों को शामिल किया जाता है, जहां अनुसूचित जाति की आबादी 40 प्रतिशत या उससे अधिक होती है। ग्राम विकास योजनाएं तैयार करने के लिए प्रत्येक पंचायत को 40-40 हजार रुपये की राशि जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक चयनित गांव को विकास कार्यों के लिए 20-20 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। इन निधियों का उपयोग सड़क, पेयजल, बिजली, सामाजिक सुरक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर किया जाएगा। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि पंचायतों को पूरा सहयोग दिया जाए ताकि विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें।
बैठक में गत वर्षों में चयनित 25 गांवों में हुए विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ गांवों में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।