मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं का सामान चुराते रंगे हाथ पकड़े गए युवक, जमकर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले

सार

उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालकनाथ धाम दियोटसिद्ध में देर रात चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

अपडेट: 2 मिनट
दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं का सामान चुराते रंगे हाथ पकड़े गए युवक, जमकर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले

बड़सर

उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालकनाथ धाम दियोटसिद्ध में देर रात चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदिर परिसर की सराय नंबर-9 की छत पर सो रहे श्रद्धालुओं के सामान पर हाथ साफ करने की कोशिश कर रहे शातिर युवकों को यात्रियों ने रंगे हाथ दबोच लिया। इस घटना के बाद सराय परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आधी रात को सामान पर हाथ साफ करने की थी कोशिश

जानकारी के अनुसार, देश-विदेश से आए श्रद्धालु बाबा बालकनाथ के दर्शनों के बाद मंदिर परिसर की सराय नंबर-9 की छत पर सो रहे थे। आधी रात के समय कुछ संदिग्ध युवकों ने सोए हुए यात्रियों के कीमती सामान और बैग को चोरी करने का प्रयास किया।

इसी बीच एक श्रद्धालु की आंख खुल गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनते ही अन्य यात्री भी जाग गए और उन्होंने घेराबंदी करके आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा।

गुस्से में आए श्रद्धालुओं ने की धुनाई, सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ से बचाया

चोरी के इस प्रयास से गुस्साए श्रद्धालुओं ने पकड़ में आए आरोपियों की मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी। हंगामे की आवाज सुनकर बाबा बालकनाथ मंदिर न्यास की सुरक्षा में तैनात निजी सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।

सुरक्षा कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपियों को भीड़ के गुस्से से बचाया और उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।

पुलिस ने हिरासत में लिए आरोपी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ और आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद बाबा के दरबार में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रशासन और पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लग सके।

इस खबर को शेयर करें