चम्बा। जिला चम्बा के उपमंडल चुराह में एक वाहन चालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों द्वारा हत्या करने के बाद शव को कल्हेल नाले में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। रविवार को नाले से शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान हरविंद्र सिंह पुत्र ऋषि निवासी गांव राख (मलोगा), डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह, जिला चम्बा के रूप में हुई है। वह भंजराडू में एक कारोबारी के पास चालक के तौर पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों ने कल्हेल नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान सोशल मीडिया पर मृतक की तस्वीर वायरल होने के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों ने हरविंद्र सिंह की मौत को सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार शाम हरविंद्र सिंह अपने भंजराडू स्थित कमरे में मौजूद था। ऐसे में उसके कमरे से करीब 26 किलोमीटर दूर शव का बरामद होना मामले को और अधिक संदिग्ध बना रहा है। पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर केस की हर पहलू से जांच कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलने पर तीसा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर स्थिति को शांत करवाया। उन्होंने बताया कि मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस को जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के भंजराडू स्थित कमरे को सील कर दिया है तथा फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फोरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा भेजा जाएगा।
मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।