मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

अब खाकी के साथ कदम मिलाएंगे एनएसएस स्वयंसेवी, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस की अनूठी पहल

सार

हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक शहर चम्बा में बढ़ते वाहनों के दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला पुलिस ने एक बेहद अनूठी और सकारात्मक पहल की है।

2 मिनट
अब खाकी के साथ कदम मिलाएंगे एनएसएस स्वयंसेवी, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस की अनूठी पहल

चम्बा:

हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक शहर चम्बा में बढ़ते वाहनों के दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए जिला पुलिस ने एक बेहद अनूठी और सकारात्मक पहल की है। अब शहर के मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस जवानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राजकीय महाविद्यालय चम्बा के एनएसएस (NSS) स्वयंसेवी भी मोर्चा संभालते नजर आएंगे।

चम्बा पुलिस ने इन युवाओं को विशेष प्रशिक्षण देने के बाद फील्ड में तैनात कर दिया है, जो न केवल यातायात सुचारू करेंगे बल्कि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक भी करेंगे।

बढ़ते ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या चम्बा शहर के लिए एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी के समाधान के लिए पुलिस विभाग ने कॉलेज के युवाओं को इस मुहिम से जोड़ा है।

प्रथम चरण में 11 स्वयंसेवियों का चयन किया गया है, जिन्हें पुलिस विभाग द्वारा विशेष पहचान पत्र और यूनिफॉर्म प्रदान की गई है। ये युवा ट्रैफिक पुलिस की सीधी निगरानी में अपनी सेवाएं देंगे। खास बात यह है कि ये छात्र अपनी पढ़ाई को प्रभावित किए बिना, बारी-बारी से समय निकालकर पुलिस का सहयोग करेंगे।

इस पहल को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्वयंसेवियों का कहना है कि वर्दी के साथ काम करना उनके लिए गर्व की बात है और इससे उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का मौका मिल रहा है।

एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अनुशासित करना और भविष्य के लिए जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। पुलिस को उम्मीद है कि इस भागीदारी से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें