मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए उच्च स्तरीय संयुक्त निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा

सार

पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय संयुक्त निरीक्षण किया गया।

2 मिनट
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए उच्च स्तरीय संयुक्त निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा

चम्बा

पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं को और अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय संयुक्त निरीक्षण किया गया।

इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लेना और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करना था। इस विशेष निरीक्षण दल का नेतृत्व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, संयुक्त निदेशक ओपी ठाकुर और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

निरीक्षण टीम ने अस्पताल के हर महत्वपूर्ण अनुभाग का बारीकी से दौरा किया और कई व्यवस्थाओं की जांच की मरीजों को दी जा रही तत्काल राहत और वार्डों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई।

ओटी की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण मानकों और तकनीकी उपकरणों की कार्यक्षमता को परखा गया। दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए और टेस्ट रिपोर्टिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया। मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और कैंटीन/रसोई की सफाई का विशेष निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के उपरांत मीडिया से बात करते हुए प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने कहा अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाना, कमियों को दूर करना और कार्यस्थल पर तैनात हमारे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना है। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि चम्बा के लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा मिले।

निरीक्षण के दौरान प्रबंधन ने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की कर्तव्यनिष्ठा पर संतोष व्यक्त किया। टीम ने विभिन्न वार्डों में तैनात स्टाफ के काम की सराहना करते हुए उन्हें इसी ऊर्जा और सेवा भाव के साथ कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस खबर के विषय

  • health facilities
  • joint inspection
  • quality healthcare
  • transparency in health services
  • Chamba medical college
  • healthcare assessment
  • government hospital

इस खबर को शेयर करें