पांवटा साहिब में सबसे ज्यादा 963 मामले, अब तक 1600 पशु हुए रिकवर; 45 हजार पशुओं का टीकाकरण
सिरमौर जिला में लंपी रोग का प्रकोप तेजी से फैलने के बाद अब धीरे-धीरे नियंत्रण में आता दिखाई दे रहा है। जिले में अब तक इस बीमारी से ग्रसित पशुओं का कुल आंकड़ा 2300 के पार पहुंच गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि पशुपालन विभाग की सक्रियता के चलते सक्रिय मामलों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है और रिकवरी रेट में भी सुधार हुआ है।
लंपी रोग का सबसे व्यापक असर जिला के पांवटा साहिब क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां अब तक 963 पशुओं के इस बीमारी से संक्रमित होने के मामले सामने आए हैं। वहीं, जिले में अब तक इस बीमारी के कारण 48 पशुओं की मौत भी हो चुकी है। विभाग की ओर से संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मीडिया से बातचीत करते हुए पशुपालन विभाग पांवटा साहिब के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित महाजन ने बताया कि लंपी वायरस के इस दौर में राहत की बात यह है कि उचित देखभाल और समय पर इलाज मिलने से वायरस की चपेट में आए पशु रिकवर हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब में अब तक 963 मामले सामने आए हैं, जबकि पूरे सिरमौर जिला में संक्रमित पशुओं का आंकड़ा 2300 के पार पहुंच गया है।
डॉ. अमित महाजन के अनुसार जिले में अब तक 1600 पशु पूरी तरह से रिकवर हो चुके हैं, जबकि विभिन्न क्षेत्रों में करीब 676 पशु अभी भी इस रोग की चपेट में हैं। संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए पशुपालन विभाग ने पूरे जिले में टीकाकरण अभियान चलाया है। विभाग द्वारा अब तक 45 हजार पशुओं का वैक्सीनेशन किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि पहले की अपेक्षा अब प्रतिदिन सामने आने वाले लंपी रोग के नए मामलों में काफी कमी दर्ज की जा रही है। पशुपालन विभाग लगातार फील्ड स्टाफ के माध्यम से ग्रामीण और सीमावर्ती क्षेत्रों में पशुपालकों को जागरूक कर रहा है, ताकि बीमारी के संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके और प्रभावित पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।
विभाग की सक्रियता, टीकाकरण अभियान और पशुपालकों को जागरूक करने के प्रयासों के बीच जिले में लंपी रोग के नए मामलों में कमी आना राहत की बात मानी जा रही है। हालांकि, करीब 676 पशुओं के अभी भी संक्रमित होने के चलते विभाग की निगरानी और उपचार संबंधी गतिविधियां जारी हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube