नेरचौक
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष चेतराम ने कांग्रेसी नेता चमन राही द्वारा दलितों और वंचितों को लेकर दिए गए हालिया बयान पर कड़ा संज्ञान लिया है।
नेरचौक में जारी एक बयान में चेतराम ने चमन राही को कांग्रेस का दलित विरोधी इतिहास पढ़ने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भी दलितों और अल्पसंख्यकों पर उतना अत्याचार नहीं किया, जितना आजादी के बाद कांग्रेसी सरकारों और उनके नेताओं ने किया है।
चेतराम ने आरोप लगाया कि इसका सबसे बड़ा उदाहरण स्वयं संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी हैं, जिन्हें चुनाव में हराने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेता मैदान में उतर आए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे इतिहास वाली पार्टी के नेता किस मुंह से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर टिप्पणी कर रहे हैं।
मोदी सरकार ने बदला परिदृश्य, वोट बैंक के बजाय विकास की राजनीति: भाजपा
चेतराम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद से केंद्र की एनडीए सरकार लगातार दलितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकारों ने इस वर्ग का केवल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जिससे यह समाज खुद को ठगा और असुरक्षित महसूस करता था।
आज मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। दलित वर्ग अब हीनभावना से बाहर निकलकर राष्ट्र निर्माण और देश के समग्र विकास में अपनी प्रत्यक्ष एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
जनकल्याणकारी योजनाएं बनीं दलित समाज के उत्थान में मील का पत्थर
भाजपा उपाध्यक्ष ने केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार की हर योजना के केंद्र में हमेशा गरीब और समाज का पिछड़ा वर्ग ही रहा है। उन्होंने कहा कि जनधन खाते, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना और उज्ज्वला योजना जैसी अनेकों महत्वाकांक्षी योजनाएं आज दलित समाज के आर्थिक
व सामाजिक उत्थान में मील का पत्थर साबित हुई हैं। इन नीतियों और सम्मान के कारण ही देश का दलित व वंचित समाज हर चुनाव में मजबूती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है और आगे भी यह निरंतरता बनी रहेगी।