मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मंडी नगर निगम चुनाव भाजपा का 'संकल्प पत्र' समृद्ध मंडी का रोडमैप : जयराम ठाकुर

सार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी नगर निगम चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी का 'संकल्प पत्र' (घोषणापत्र) जारी कर दिया है।

अपडेट: 2 मिनट
 मंडी नगर निगम चुनाव भाजपा का 'संकल्प पत्र' समृद्ध मंडी का रोडमैप : जयराम ठाकुर

मंडी

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी नगर निगम चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी का 'संकल्प पत्र' (घोषणापत्र) जारी कर दिया है। इस संकल्प पत्र के माध्यम से भाजपा ने मंडी शहर के सर्वांगीण विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं का एक विस्तृत खाका जनता के सामने रखा है।

जयराम ठाकुर ने सभी 14 वार्डों के निवासियों से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि यह दस्तावेज केवल वादों की सूची नहीं, बल्कि मंडी को एक 'आदर्श नगर निगम' बनाने की प्रतिबद्धता है।

महिला सुरक्षा और स्मार्ट ट्रैफिक पर जोर

संकल्प पत्र में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में एआई-पावर्ड हाई-रेज़ोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

महिलाओं के लिए 'स्वच्छता एवं सम्मान केंद्र' और पिंक टॉयलेट्स की स्थापना होगी, जहाँ सैनिटरी वेंडिंग मशीनें और क्यूआर-आधारित निगरानी प्रणाली उपलब्ध होगी। मंडी की पुरानी ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए 'स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम' (ITMS) लागू करने का वादा किया गया है।

आपदा प्रबंधन और स्वच्छता अभियान

मंडी की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए भाजपा ने 'अर्ली वार्निंग सिस्टम' का प्रस्ताव रखा है। यह विशेष रूप से मानसून के दौरान टारना हिल और पड्डल ग्राउंड जैसे क्षेत्रों में भूस्खलन और बाढ़ की अग्रिम सूचना देगा।

स्वच्छता के मोर्चे पर 'स्वच्छ छोटी काशी' अभियान के तहत जीपीएस-युक्त कचरा वाहनों और आधुनिक कंपोस्टिंग यूनिट्स के माध्यम से घर-घर कचरा संग्रहण को मजबूत किया जाएगा।

सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन

मंडी की 500 वर्ष पुरानी पहचान को सहेजने के लिए भाजपा ने 'मंडी 500 वर्ष गौरव अभियान' चलाने का संकल्प लिया है। इसके अंतर्गत हेरिटेज वॉक और सांस्कृतिक मेलों का आयोजन कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। सकोड़ी खड्ड का तटीकरण और बहुमंजिला पार्किंग जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

युवा, बुजुर्ग और डिजिटल सेवाएँ

युवाओं के लिए मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई, आधुनिक डिजिटल पुस्तकालय और वार्षिक 'कौशल विकास मेले' का आयोजन। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए 'वरिष्ठ सम्मान सेवा' के तहत निशुल्क पिक-अप और ड्रॉप सुविधा। 'सेवासेतु' डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए घरेलू सेवाओं की होम-डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।

नशा मुक्त मंडी का संकल्प

जयराम ठाकुर ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए 'चिट्टा मुक्त और नशा मुक्त मंडी' का नारा बुलंद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच और नगर निगम में भाजपा की उपस्थिति मंडी के लिए 'विकास की गारंटी' बनेगी। नेता प्रतिपक्ष ने विश्वास जताया कि जनता गुटबाजी और झूठे वादों के बजाय भाजपा के सुशासन और विजन के पक्ष में मतदान करेगी।

इस खबर को शेयर करें