जिला बिलासपुर में किसानों के लिए भेजे गए 360 क्विंटल गेहूं के बीज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पिछले करीब चार दिनों से गेहूं के बीज से लदे दो ट्रक बिलासपुर में खड़े हैं, लेकिन अब तक उन्हें अनलोड नहीं किया गया है। इससे किसानों के साथ-साथ ट्रक चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार कृषि विभाग बिलासपुर का कहना है कि गोदाम में पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। साथ ही विभाग का यह भी कहना है कि बिना पूर्व सूचना के गेहूं का बीज बिलासपुर भेज दिया गया। इसी कारण बीज को गोदाम में उतारने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि यह गेहूं का बीज कृषि विभाग सोलन के नालागढ़ क्षेत्र से भेजा गया है। नालागढ़ के किसानों ने विभाग से बीज प्राप्त कर उसकी उन्नत किस्म तैयार की थी, जिसे बाद में कृषि विभाग ही किसानों से खरीदता है। यदि अब यह बीज वापस लौटता है तो इसका सीधा नुकसान किसानों को उठाना पड़ सकता है। ऐसे में किसानों ने मामले का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की है। वहीं, चार दिनों से ट्रकों के खड़े रहने के कारण चालकों को भी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन और कृषि विभाग से जल्द समस्या का समाधान कर बीज को अनलोड करवाने की अपील की है। उधर, कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नालागढ़ से बिना पूर्व सूचना के बीज भेजा गया था। हालांकि विभाग ने भरोसा दिलाया है कि संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर जल्द ही इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
सार
बिलासपुर में 360 क्विंटल गेहूं बीज से लदे दो ट्रक पिछले चार दिनों से अनलोड नहीं हो पाए हैं। गोदाम में जगह की कमी और बिना पूर्व सूचना बीज भेजे जाने को लेकर कृषि विभाग और आपूर्ति व्यवस्था में विवाद की स्थिति बनी हुई है।
प्रकाशित: ()2 मिनट283 शब्द

