मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

भोरंज में बुजुर्ग महिला से बाली चोरी का मामला सुलझा

सार

सीसीटीवी फुटेज के सहारे पांच घंटे में पकड़े गए दोनों आरोपी, चोरी के गहने बरामद

1 मिनट
भोरंज में बुजुर्ग महिला से बाली चोरी का मामला सुलझा

हमीरपुर। भोरंज थाना क्षेत्र के डूहका गांव में बुजुर्ग महिला के कान से सोने की बाली चोरी करने के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज पांच घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान जोराबर और पन्ना के रूप में हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया और अलग-अलग स्थानों से उन्हें दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी जोराबर को जाहू क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरा आरोपी पन्ना सीर खड्ड क्षेत्र में छिपा हुआ मिला। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कबाड़ का काम करते हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की गई सोने की बाली को पट्टा क्षेत्र के एक ज्वैलर को करीब 20 हजार रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की बाली भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। साथ ही आरोपियों से अन्य संभावित वारदातों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।

इस खबर को शेयर करें