मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बर्फ पिघलने से उफान पर ब्यास नदी: पंडोह डैम से छोड़ा गया 3000 क्यूसेक पानी; मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में अलर्ट

सार

पहाड़ों पर लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण ब्यास नदी के जलग्रहण (कैचमेंट) क्षेत्रों में बर्फ तेजी से पिघल रही है।

2 मिनट
बर्फ पिघलने से उफान पर ब्यास नदी: पंडोह डैम से छोड़ा गया 3000 क्यूसेक पानी; मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर में अलर्ट

पंडोह।

पहाड़ों पर लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण ब्यास नदी के जलग्रहण (कैचमेंट) क्षेत्रों में बर्फ तेजी से पिघल रही है। इसके चलते पंडोह डैम में पानी की आवक अचानक काफी बढ़ गई है और डैम का जलस्तर लगभग 2,933 फीट तक पहुंच गया है।

बढ़ते जलस्तर और पानी के भारी दबाव को नियंत्रित करने के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने डैम के गेट खोल दिए हैं और नियंत्रित तरीके से ब्यास नदी में लगभग 3,000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ना शुरू कर दिया है।

निचले इलाकों में 2 मीटर तक बढ़ सकता है जलस्तर

बीबीएमबी के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी के निचले बहाव वाले हिस्सों में जलस्तर अचानक 1 से 2 मीटर (करीब 3 से 6 फीट) तक बढ़ सकता है।

पानी का यह तेज बहाव मंडी, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों से होकर गुजरेगा, जिसके चलते इन तीनों जिलों के प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद कर दिया गया है और नदी के किनारे रहने वाली आबादी को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए सख्त एडवाइजरी

खतरे को देखते हुए प्रशासन और बीबीएमबी ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के किनारों से पूरी तरह दूर रहें। सैलानियों और स्थानीय युवाओं को नदी के नजदीक जाकर फोटोग्राफी या रील बनाने और चरवाहों को नदी तल में पशु चराने के लिए जाने से साफ मना किया गया है।

मशीनरी हटाने के निर्देश, अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने नदी तल (रिवर बेड) में क्रशर, निर्माण कार्य या खनन से जुड़े ठेकेदारों और श्रमिकों को तुरंत अपनी भारी मशीनरी व उपकरण सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी बड़े नुकसान से बचा जा सके।

बीबीएमबी प्रबंधन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर पानी छोड़ने की मात्रा और बढ़ाई जा सकती है। प्रशासन ने जनता से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने और सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

इस खबर को शेयर करें