मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बलोह टोल प्लाजा पर बड़ी लापरवाही: बैरियर खुलने के बाद आगे बढ़ी कार, अचानक नीचे गिरने से क्रेटा क्षतिग्रस्त

सार

किरतपुर-मनाली फोरलेन पर स्थित बलोह टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों के घेरे में है।

अपडेट: 2 मिनट
बलोह टोल प्लाजा पर बड़ी लापरवाही: बैरियर खुलने के बाद आगे बढ़ी कार, अचानक नीचे गिरने से क्रेटा क्षतिग्रस्त

बिलासपुर

किरतपुर-मनाली फोरलेन पर स्थित बलोह टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों के घेरे में है। बीते शुक्रवार रात करीब 9:22 बजे सुंदरनगर के हरीपुर निवासी ध्रुव शर्मा अपनी क्रेटा कार (HP-31D-6050) से चंडीगढ़ से वापस लौट रहे थे।

टोल प्लाजा पर उन्होंने नियमों के तहत अपनी गाड़ी रोकी। टोल कटने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब बूम बैरियर ऊपर उठा, तो उन्होंने गाड़ी आगे बढ़ाई। लेकिन तभी बिना किसी तकनीकी चेतावनी या सेंसर अलर्ट के, भारी-भरकम बैरियर अचानक तेज रफ्तार से नीचे आ गिरा और सीधे चलती कार से टकरा गया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई लापरवाही, कार का फ्रंट शीशा और बॉडी क्षतिग्रस्त

टोल कर्मियों की इस कथित लापरवाही की पूरी लाइव घटना वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चालक ने नियमों का पूरी तरह पालन किया था और बैरियर पूरी तरह खुलने के बाद ही गाड़ी आगे बढ़ाई थी।

महज कुछ सेकेंड के भीतर अचानक बैरियर गिरने से कार के सामने का शीशा (विंडशील्ड) चकनाचूर हो गया, जबकि गाड़ी की बॉडी पर भी गहरे डेंट आ गए। गनीमत यह रही कि इस हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।

गलती मानने के बजाय टोल कर्मियों ने दिखाई दबंगई, बदसलूकी का आरोप

पीड़ित कार चालक ध्रुव शर्मा का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद जब उन्होंने गाड़ी से उतरकर टोल कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी और कार को हुआ नुकसान दिखाया, तो वहां मौजूद स्टाफ का रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना रहा।

कर्मचारियों ने अपनी तकनीकी या मानवीय चूक स्वीकार करने के बजाय पीड़ित के साथ ही बदसलूकी शुरू कर दी। स्टाफ ने अपनी दबंगई दिखाते हुए चालक को ही डराने-धमकाने का प्रयास किया, जिससे टोल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सीएम हेल्पलाइन 1100 पर शिकायत दर्ज, बिलासपुर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

इस घटना से परेशान होकर प्रभावित चालक ने राज्य सरकार के मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन नंबर 1100 पर मामले की ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है। सीएम हेल्पलाइन से इस शिकायत को आगामी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई के लिए उपायुक्त (डीसी) बिलासपुर को ट्रांसफर कर दिया गया है।

शिकायतकर्ता ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और टोल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नुकसान के मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि फोरलेन पर भारी टोल वसूलने के बाद भी इस तरह की लापरवाही किसी बड़े और जानलेवा हादसे को न्योता दे सकती है।

इस खबर को शेयर करें