शिमला
हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों और विशेषकर कोरोना महामारी व हालिया आपदा काल के दौरान किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित “इंडियन एक्सीलेंस अवॉर्ड-2026” से नवाजा गया है।
यह सम्मान प्रदेश की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं—लाडली फाउंडेशन, हिमाचल रेनबो स्टार क्लब और गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान प्रदान किया गया।
यह समारोह उन संस्थाओं की सहभागिता से आयोजित किया गया, जिन्होंने राज्य में सामाजिक सेवा, राहत कार्यों और जनकल्याण गतिविधियों में अग्रिम भूमिका निभाई है।
अधिकारियों का दायित्व है जनहित में कार्य करना: ओंकार शर्मा
सम्मान समारोह के अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा ने सभी सामाजिक संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अधिकारियों का मुख्य दायित्व निष्ठापूर्वक कार्य करना होता है।
उन्होंने दोहराया कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास और जनहित की हर योजना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए वह और उनका प्रशासनिक अमला हमेशा पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करता रहेगा।
ईमानदार और कर्मठ अधिकारी हैं ओंकार शर्मा: ईशान अख्तर
लाडली फाउंडेशन के अध्यक्ष ईशान अख्तर ने अतिरिक्त मुख्य सचिव की सराहना करते हुए कहा कि ओंकार शर्मा एक बेहद ईमानदार, संवेदनशील और कर्मठ अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल और विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रशासनिक स्तर पर ओंकार शर्मा द्वारा लिए गए त्वरित निर्णय,
राहत कार्यों के बेहतर समन्वय और जनहित में उठाए गए कदम बेहद सराहनीय रहे हैं, जिसे देखते हुए संस्थाओं ने उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुना है।
हिमाचली परंपरा के अनुसार किया स्वागत
इस गरिमामयी समारोह में लाडली फाउंडेशन की राज्य अध्यक्ष शालू अख़्तर, हिमाचल रेनबो स्टार क्लब की पदाधिकारी नर्मदा शर्मा व दीक्षा शर्मा, और गोविंद सागर एडवेंचर एंड वॉटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के टेक्निकल एक्सपर्ट राकेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा को "इंडियन एक्सीलेंस अवार्ड" की ट्रॉफी सौंपने के साथ-साथ गौरवमयी हिमाचली संस्कृति के प्रतीक स्वरूप हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।