अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने राजकीय महाविद्यालय नाहन में विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं और सुविधाओं की मांग को लेकर विधायक अजय सोलंकी को ज्ञापन सौंपा है। परिषद ने कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग की।
एबीवीपी ने ज्ञापन के माध्यम से कॉलेज में खेल मैदान विकसित करने, एमएससी जियोलॉजी सहित अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग रखी।
मीडिया से बातचीत करते हुए एबीवीपी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनीष बिरसांटा और जान्वी ठाकुर ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय नाहन में कई मूलभूत सुविधाओं की कमी है, जिसके कारण विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में एमएससी जियोलॉजी और अन्य पीजी पाठ्यक्रम शुरू होने से सिरमौर जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों या राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे स्थानीय छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकेंगे।
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी भेजा ज्ञापन
एबीवीपी पदाधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों की इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी ज्ञापन भेजा गया है। उन्होंने सरकार से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
खेल मैदान की सुविधा विकसित करने पर जोर
परिषद ने कॉलेज परिसर में खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। एबीवीपी ने कहा कि मैदान के अभाव में विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों और नियमित अभ्यास के लिए पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते हैं।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद राजकीय महाविद्यालय नाहन के कई खिलाड़ियों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। यदि कॉलेज में खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है तो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
एबीवीपी ने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन विद्यार्थियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करेंगे, जिससे कॉलेज में शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों का विकास हो सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube