हमीरपुर रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के पास खुले नाले से दुर्गंध, मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, बारिश में सड़क पर फैल रहा गंदा पानी।
जिला मुख्यालय ऊना के व्यस्त हमीरपुर रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के समीप पिछले करीब 15 दिनों से जाम पड़ा नाला स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। नाले की अधूरी सफाई के कारण गंदा पानी जमा होने से क्षेत्र में दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप और गंदगी लगातार बढ़ रही है।
अधूरी सफाई से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले नाले की सफाई के लिए उसके ऊपर लगी स्लैब हटाई गई थी, लेकिन सफाई का कार्य बीच में ही छोड़ दिया गया। इसके बाद नाले में गंदा पानी जमा हो गया और पूरे इलाके में तेज बदबू फैलने लगी।
दुकानदारों के कारोबार पर असर
स्थानीय दुकानदार सोमनाथ ने बताया कि दुर्गंध इतनी अधिक है कि उन्हें रोजाना नाले में फिनाइल डालनी पड़ती है ताकि दुकान में बैठना संभव हो सके। उन्होंने कहा कि मच्छरों की संख्या भी काफी बढ़ गई है, जिससे पूरे दिन दुकान पर काम करना मुश्किल हो गया है। बदबू के कारण ग्राहक भी दुकान पर आने से बच रहे हैं, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है।
बारिश में सड़क पर फैल रहा गंदा पानी
स्थानीय निवासी कमल देव लखनपाल और संजीव कुमार ने बताया कि बारिश होने पर नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है। इससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि खुले नाले से संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है और इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
मीडिया में मामला आने के बाद हरकत में आया नगर निगम
मामला सामने आने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और नाले की सफाई का कार्य शुरू कराया। नगर निगम ऊना के सहायक आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि समस्या उनके संज्ञान में है और सफाई कर्मचारियों को तत्काल नाले की सफाई एवं पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटे के भीतर नाले की सफाई पूरी कर दी जाएगी, ताकि स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube