मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

नए साल के जश्न के लिए पर्यटक कर रहे बर्फ़बारी का इंतज़ार

सार

आपदा से निकलने के बाद अब रफ़्तार पकड़ रहा कुल्लू मनाली का पर्यटन

2 मिनट
नए साल के जश्न के लिए पर्यटक कर रहे बर्फ़बारी का इंतज़ार

कुल्लू : नए साल के स्वागत के लिए हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल पूरी तरह सज चुके हैं और सैलानियों से पैक हो गए हैं। कुल्लू–मनाली घाटी में होटल ऑक्युपेंसी 95 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जो शाम तक 100 प्रतिशत होने की संभावना है।

बुधवार को भी बाहरी राज्यों से पर्यटकों का लगातार आगमन जारी रहा। घाटी में सुबह से बादल छाए रहने से पर्यटन कारोबारियों और सैलानियों को बर्फबारी की उम्मीद बंधी हुई है।

होटल, माल रोड और जश्न की तैयारियां पूरी

पर्यटन निगम के होटलों सहित निजी होटल भी सैलानियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नए साल के जश्न के लिए डीजे, संगीत और बोनफायर की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

आपदा के बाद बढ़ी पर्यटकों की आवाजाही से पर्यटन कारोबारियों ने राहत की सांस ली है। सैलानियों को आकर्षित करने के लिए कई होटल डिस्काउंट भी दे रहे हैं। मनाली की माल रोड को विशेष रूप से सजाया गया है, जहां शाम के समय डीजे की व्यवस्था के साथ पर्यटक जमकर मस्ती कर रहे हैं।

साहसिक गतिविधियों का भी ले रहे आनंद

नए साल के मौके पर कुल्लू–मनाली पहुंचे सैलानी साहसिक गतिविधियों का भी भरपूर आनंद उठा रहे हैं। ब्यास नदी की शीतल जलधारा में रिवर राफ्टिंग सैलानियों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है।

बबेली क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक रिवर राफ्टिंग का अनुभव ले रहे हैं। सैलानियों का कहना है कि ठंडे पानी में रिवर राफ्टिंग करना रोमांचक अनुभव है और नए साल की छुट्टियों को यादगार बना रहा है।

बर्फबारी का इंतजार

पर्यटकों का कहना है कि वे नए साल का जश्न मनाने कुल्लू–मनाली आए हैं और उन्हें बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार है। सैलानियों को उम्मीद है कि अगर नए साल के मौके पर बर्फबारी हुई तो उनका जश्न और भी खास हो जाएगा। कुल मिलाकर, कुल्लू–मनाली का पर्यटन एक बार फिर रफ्तार पकड़ता नजर आ रहा है।

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें