प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने चलाया जागरूकता अभियान; नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
तम्बाकू और नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक लगाने तथा लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को नूरपुर में विशेष तम्बाकू निषेध अभियान चलाया गया।
यह अभियान प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर नियंत्रण लगाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
संयुक्त टीम ने बाजार की दुकानों का किया निरीक्षण
अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार गगन सिंह ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. मौलश्री, एसटीएफ एनआर कांगड़ा से परमेश शर्मा, ब्लॉक नूरपुर के पर्यवेक्षक राजेश सहोत्रा सहित पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।
टीम ने नूरपुर बाजार की विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया और तम्बाकू उत्पादों की बिक्री से संबंधित नियमों की जांच की।
दुकानदारों को कानूनों की दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को तम्बाकू निषेध कानूनों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे प्रतिबंधित तम्बाकू उत्पादों और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़े नियमों का पूरी तरह पालन करें।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार प्रतिबंधित तम्बाकू उत्पाद या नशीली वस्तुएं बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान दुकानदारों और आम लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि तम्बाकू कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनता है और इसका प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे समाज पर पड़ता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तम्बाकू से दूरी बनाएं और युवाओं को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
लगातार जारी रहेंगे जागरूकता अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नूरपुर क्षेत्र में तम्बाकू और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन, विभागों और आम जनता का सहयोग जरूरी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube