जीप चालक ने मूली से भरी गाड़ी नाले में उतारी, ग्रामीणों ने सड़क बहाली और मुआवजे की मांग उठाई।
उपमंडल पद्धर के थलटूखोड़-मढ़ मार्ग पर सोमवार से जारी भूस्खलन के कारण सड़क बंद हो गई है। मार्ग अवरुद्ध होने से स्थानीय ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क बंद होने के कारण किसानों की तैयार सब्जियां और फसलें मंडियों तक पहुंचाना मुश्किल हो गया है। किसान अपनी मेहनत, समय और आमदनी के नुकसान को लेकर चिंतित हैं।
मूली से भरी जीप नाले में उतारने को मजबूर चालक
सबसे दुखद मामला झुकाण गांव से सामने आया, जहां जीप चालक सुनील कुमार को सड़क बंद होने के कारण मजबूरी में मूली से भरी जीप को नाले में उतारना पड़ा।
उन्होंने बताया कि मार्ग पूरी तरह बंद होने के कारण आगे बढ़ना संभव नहीं था, जिसके चलते ऐसा कदम उठाना पड़ा।
किसानों पर मंडरा रहा आर्थिक नुकसान का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि भूस्खलन के कारण सड़क का हिस्सा लगातार कमजोर हो रहा है और रास्ता पूरी तरह बहने की स्थिति में पहुंच गया है।
यदि जल्द सड़क बहाल नहीं हुई तो खेतों में तैयार सब्जियां खराब हो सकती हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
लोक निर्माण विभाग ने भेजी मशीनें
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क बहाली और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग के एक्सियन विनायक कश्यप ने बताया कि मार्ग बहाली के लिए दो मशीनें भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण काम में परेशानी आ रही है, लेकिन जल्द से जल्द मार्ग बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वैकल्पिक मार्ग और मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को अपनी फसलें दूर स्थित मंडियों तक पहुंचाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने सरकार से अस्थायी परिवहन व्यवस्था उपलब्ध करवाने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय किसान सुनील कुमार, रमेश कुमार, सूरज और प्रेम ने कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube