मंडी।
मंडी जिले के सुंदरनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने भवाणा टनल नंबर-5 के समीप फोरलेन पर नाकेबंदी के दौरान एक युवक को 310 ग्राम चरस के साथ धर दबोचा।
आरोपी की पहचान तजेंद्र कुमार निवासी गांव चिमटी, डाकघर लंबाथाच, तहसील थुनाग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे पुलिस टीम नियमित जांच के लिए फोरलेन पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान मनाली से दिल्ली की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस को जांच के लिए रोका गया।
जब पुलिस टीम बस के भीतर यात्रियों की तलाशी ले रही थी, तो खिड़की के पास बैठे उक्त युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस को देखकर युवक घबरा गया, जिसके बाद शक के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से 310 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशे की यह खेप कुल्लू की वादियों से लेकर आया था।
अब पुलिस इस पहलू पर बारीकी से काम कर रही है कि कुल्लू में वह कौन सा मुख्य सप्लायर है, जिसने यह चरस आरोपी को सौंपी थी। इसके अलावा, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह की तस्करी की वारदातों में संलिप्त रहा है या नहीं।
पुलिस अब उस नेटवर्क को खंगाल रही है जहां इस खेप को पहुँचाया जाना था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चरस की इस खेप को पंजाब के किसी इलाके में सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पंजाब में इस काले कारोबार के तार कहाँ-कहाँ जुड़े हैं ताकि मुख्य तस्करों तक पहुँचा जा सके।