मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

गौशाला में छिपे विशालकाय रॉक पाइथन का सफल रेस्क्यू, 'स्नेक मैन' माथुर धीमान ने बचाई जान

सार

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटलांदर के अंतर्गत वार्ड नंबर पांच के गाड्डी गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की गौशाला में विशालकाय इंडियन रॉक पाइथन (अजगर) देखा गया।

2 मिनट
गौशाला में छिपे विशालकाय रॉक पाइथन का सफल रेस्क्यू, 'स्नेक मैन' माथुर धीमान ने बचाई जान

सुजानपुर (गौरव जैन): सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटलांदर के अंतर्गत वार्ड नंबर पांच के गाड्डी गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की गौशाला में विशालकाय इंडियन रॉक पाइथन (अजगर) देखा गया। 'स्नेक मैन हिमाचल' के नाम से विख्यात माथुर धीमान ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित पर्यावरण के हवाले किया।

जानकारी के अनुसार, गाड्डी गांव निवासी रघुवीर सिंह की पत्नी जब मवेशियों के लिए घास लेने गौशाला के अंदर गईं, तो घास के साथ छिपे हुए अजगर को देखकर उनके होश उड़ गए। अचानक इतने बड़े सांप को सामने देख वह घबराकर बाहर की ओर दौड़ीं और परिवार को सूचित किया। इसके बाद तुरंत स्नेक सेवर माथुर धीमान से संपर्क किया गया।

सूचना मिलते ही माथुर धीमान बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। उन्होंने बड़ी सावधानी के साथ गौशाला के अंदर छिपे रॉक पाइथन को पकड़ा। सांप को सुरक्षित एक बैग में डालकर दूर घने जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों को जानकारी देते हुए माथुर धीमान ने बताया कि यद्यपि वर्तमान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और आमतौर पर यह समय सांपों के शीतनिद्रा (Hibernation) का होता है, फिर भी क्षेत्र में लगातार सांपों के निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि मौसम में आए बदलाव या सुरक्षित ठिकाने की तलाश में ये सांप आबादी वाले क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं।

धीमान ने जनता से अपील करते हुए कहा, सांप हमारे पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जहां कहीं भी सांप दिखाई दे, उसे मारने के बजाय हमें सूचित करें। रॉक पाइथन जैसे सांप जहरीले नहीं होते, लेकिन आकार में बड़े होने के कारण लोग डर जाते हैं। इन्हें बचाने से हमारा पर्यावरण संतुलित रहता है।

इस खबर के विषय

  • rock python rescue
  • snake man Mathur Dheeman
  • Indian snake news
  • Gaddi village
  • cow shed incident
  • Sujanpur assembly
  • wildlife rescue

इस खबर को शेयर करें