नगर परिषद ने 16 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं की सूची बिजली विभाग को सौंपी, यूजर चार्ज जमा न करने वालों को भी चेतावनी
नगर परिषद सुजानपुर ने लंबे समय से गृह कर (हाउस टैक्स) का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर परिषद ने 50 हजार रुपये से अधिक गृह कर बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।
इस संबंध में नगर परिषद ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं की सूची विद्युत कार्यालय सुजानपुर को सौंप दी है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने बताया कि परिषद के अंतर्गत आने वाले नौ वार्डों में ऐसे 16 उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया है, जिन पर कई वर्षों से लाखों रुपये का गृह कर बकाया है।
तीन बार नोटिस के बाद भी नहीं जमा करवाया टैक्स
कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि सभी बकायेदारों को नगर परिषद की ओर से तीन-तीन बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने लंबित राशि जमा नहीं करवाई।
इसके बाद नगर परिषद ने अब सख्त कदम उठाते हुए विद्युत विभाग को इन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने कहा कि 50 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले 16 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके बाद 50 हजार रुपये से कम बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।
10 हजार रुपये तक के बकायेदारों को भी नोटिस
नगर परिषद अधिकारी ने बताया कि 10 हजार रुपये तक गृह कर बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को भी समय पर भुगतान नहीं करने की स्थिति में नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यूजर चार्ज नहीं देने वालों पर भी सख्ती
नगर परिषद ने डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए निर्धारित यूजर चार्ज जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को भी चेतावनी जारी की है।
कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने कहा कि जो लोग कूड़ा उठाने के एवज में निर्धारित राशि का भुगतान नहीं कर रहे हैं, उन्हें भविष्य में नगर परिषद से मिलने वाले प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का प्रमाण पत्र लेने से पहले संबंधित व्यक्ति को लंबित यूजर चार्ज की पूरी राशि जमा करवानी होगी।
नगर परिषद ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर गृह कर और यूजर चार्ज का भुगतान करें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube