सुंदरनगर
सुंदरनगर के भड़ोह क्षेत्र में 21 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। छात्रा की आगामी परीक्षा से एक दिन पहले हुई इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नेहा, निवासी गांव जिनझड़, तहसील निहरी, एक निजी संस्थान में अकाउंट्स की छात्रा थी। वह अपनी बहन के साथ सुंदरनगर के बड़ोह क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही थी।
मंगलवार को सुबह करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच छात्रा अपने कमरे में मृत पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
परीक्षा से पहले हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट और अन्य औपचारिकताओं के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।