मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

GCTE धर्मशाला में सड़क सुरक्षा पर विशेष व्याख्यान का आयोजन

सार

राजकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला के सड़क सुरक्षा जागरूकता व्याख्यान का आयोजन

2 मिनट
GCTE धर्मशाला में सड़क सुरक्षा पर विशेष व्याख्यान का आयोजन

धर्मशाला : राजकीय अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला के सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा प्राचार्य डॉ. युवराज सिंह पठानिया के मार्गदर्शन में 22 दिसंबर 2025 को सड़क सुरक्षा विषय पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धर्मशाला के थाना प्रभारी (SHO) संजय कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत कर छात्रों और स्टाफ को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी।

अपने व्याख्यान में संजय कुमार ने युवाओं से सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे अधिक शिकार युवा वर्ग, विशेषकर दोपहिया वाहन चालक होते हैं।

उन्होंने वाहन चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और वाहन की फिटनेस जैसे वैध दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ रखने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया व चार पहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें।

उन्होंने शराब पीकर वाहन न चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माने का प्रावधान होने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन पर केवल एक ही सवारी हेलमेट के साथ पीछे बैठ सकती है, जबकि चार पहिया वाहन चालकों और सहयात्रियों के लिए सीट बेल्ट पहनना मोटर वाहन अधिनियम के तहत अनिवार्य है।

संजय कुमार ने कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि ऐसे मददगार नागरिक को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए जाने की योजना है।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. युवराज सिंह पठानिया ने छात्रों और कर्मचारियों को परिसर के भीतर और बाहर सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। सड़क सुरक्षा क्लब के प्रभारी प्रो.

युगराज सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा निदेशालय और परिवहन निदेशालय के निर्देशों के अनुसार क्लब द्वारा भावी शिक्षकों में सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में प्रो. प्रीति शर्मा, डॉ. बीन सी नायर, डॉ. पूजा चौधरी, डॉ. अभियुदिता गौतम, डॉ. अतुल आचार्य, प्रो. अंकुर महाजन, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. बबीता कुमारी, प्रो. रीता, प्रो. रेणु चौधरी, डॉ. अतुल ठाकुर, डॉ. अनूप कुमार, डॉ. मनोज कुमार, प्रो. लेख राज, डॉ. प्रियंका कपूर सहित श्री अश्वनी कुमार (कार्यालय अधीक्षक) व अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

इस खबर को शेयर करें