मंडी। मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जमीन अपने नाम करवाने की जिद में एक बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस के अनुसार गहरी गांव निवासी खेमा राम काफी समय से अपने माता-पिता पर जमीन अपने नाम करवाने का दबाव बना रहा था। रविवार को इसी बात को लेकर घर में विवाद इतना बढ़ गया कि उसने आपा खो दिया। आरोप है कि पिता के इनकार करने पर उसने पहले उन पर डंडे से हमला किया और उन्हें घर से घसीटते हुए आंगन तक ले जाकर पीटा।
पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचीं 51 वर्षीय पार्वती देवी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह घर से नीचे नाले की ओर भागीं, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा किया और लगातार डंडे से वार करता रहा। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका पार्वती देवी शिमला सचिवालय में कार्यरत थीं, जबकि आरोपी बेटा खेमा राम शिमला में एक विभाग में अनुबंध कर्मचारी बताया जा रहा है। दोनों इन दिनों मक्की की बिजाई के लिए छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए हुए थे, जबकि पिता गांव में ही रह रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार खेमा राम परिवार का इकलौता बेटा है और माता-पिता ने उसे बेहद लाड़-प्यार से पाला था, लेकिन संपत्ति के लालच ने रिश्तों को तार-तार कर दिया।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल पिता का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।