मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

वोटिंग की लाइन छोड़ खाली सिलिंडर लेकर भागे लोग, चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी भी कतार में दिखे

सार

लोकतंत्र के महाउत्सव के दौरान अक्सर उत्साह और जागरूकता की कई तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत फूलपुर से शनिवार को एक ऐसा बेहद अनूठा और रोचक वाकया सामने आया, जिसने मतदान के गंभीर माहौल को अचानक ठहाकों और चर्चाओं में बदल दिया।

2 मिनट
वोटिंग की लाइन छोड़ खाली सिलिंडर लेकर भागे लोग, चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी भी कतार में दिखे

सिरमौर

लोकतंत्र के महाउत्सव के दौरान अक्सर उत्साह और जागरूकता की कई तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन सिरमौर जिले की ग्राम पंचायत फूलपुर से शनिवार को एक ऐसा बेहद अनूठा और रोचक वाकया सामने आया, जिसने मतदान के गंभीर माहौल को अचानक ठहाकों और चर्चाओं में बदल दिया।

यहाँ मतदान केंद्र पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे लोग वोट देने की लाइन छोड़कर अचानक गैस सिलिंडर लेने के लिए दौड़ पड़े।

जैसे ही बजा गाड़ी का हॉर्न, कतार छोड़ भागे मतदाता

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:00 बजे का वक्त था और मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थीं। लोग तेज धूप में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक मतदान केंद्र के नजदीक एलपीजी गैस सिलिंडर की गाड़ी पहुंच गई।

जैसे ही गैस की गाड़ी का हॉर्न बजा, कतार में खड़े कई ग्रामीण लोकतंत्र का फर्ज कुछ देर के लिए भूलकर अपनी रसोई का फर्ज निभाने घर की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मुकेश, दर्शन सिंह, मुश्ताक, शेरा, रामू और नरेश चौधरी जैसे दर्जनों ग्रामीण हाथों में खाली सिलिंडर थामे गैस की गाड़ी के इर्द-गिर्द जमा हो गए और वहां एक अलग ही मेला लग गया।

'घर में खाना तभी बनेगा...' खाली सिलिंडर लेकर पहुंचे प्रत्याशी

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे मजेदार और दिलचस्प मोड़ तब आया जब इसी पंचायत से चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे एक उम्मीदवार भी हाथ में खाली सिलिंडर थामे गैस की गाड़ी के पास कतार में खड़े नजर आए।

जो प्रत्याशी अभी कुछ देर पहले तक पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं के आगे हाथ जोड़कर वोट मांग रहे थे, वे खुद सिलिंडर के लिए संघर्ष करते दिखे। जब मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्कुराते हुए उनसे इस बारे में पूछा, तो उन्होंने सहजता से जवाब दिया साहब!

घर की गृहणियों का सख्त आदेश है। घर में खाना तभी बनेगा जब रसोई में सिलिंडर होगा। मतदाताओं से तो दिनभर संपर्क होता रहेगा, लेकिन गैस की गाड़ी बार-बार नहीं आती, इसलिए सिलिंडर लेना भी बहुत जरूरी है।

आधे घंटे तक चलती रही चुनावी और घरेलू फर्ज की 'लुका-छिपी'

फूलपुर पंचायत में करीब आधे से पौने घंटे तक मतदान और गैस वितरण के बीच यह दिलचस्प लुका-छिपी चलती रही। मौके पर मौजूद काहन सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने इस स्थिति पर चुटकी लेते हुए कहा कि मतदान करना बेशक बेहद जरूरी है, लेकिन पहाड़ों में गैस की गाड़ी का आना भी किसी उत्सव से कम नहीं होता क्योंकि यह रोज़-रोज़ नहीं आती।

यह अनोखा और मजेदार नजारा अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि कैसे घरेलू जरूरत के एक गैस सिलिंडर ने कुछ देर के लिए पोलिंग बूथ की सियासी सरगर्मी पर पूरी तरह से ब्रेक लगा दिया।

इस खबर को शेयर करें