बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ नैना देवी में आज से चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ शुरू हो गया है। सुबह की आरती, विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। नवरात्रि के पहले दिन आज श्रद्धालु माता जी के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा कर रहे हैं।
नवरात्रि के पहले ही दिन सुबह से ही माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी रौनक देखने को मिली। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और बिहार समेत अन्य राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान है और वातावरण पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर न्यास ने व्यापक प्रबंध किए हैं। मंदिर क्षेत्र में पुलिसकर्मी, होमगार्ड के जवान और पूर्व सैनिकों (एक्स-सर्विसमैन) को तैनात किया गया है ताकि भीड़ पर नियंत्रण रहे।
श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से लाइनों में लगकर दर्शन करवाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रज्जू मार्ग (Ropeway) सुबह 7:30 बजे से लेकर रात्रि 7:30 बजे तक संचालित किया जा रहा है।
मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम धर्मपाल ने आज स्वयं मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और मीडिया से बातचीत में कुछ महत्वपूर्ण बातें साझा कीं इस बार वैष्णो देवी की तर्ज पर नैना देवी में भी भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है,
जिसका आनंद श्रद्धालु मंदिर परिसर में उठा सकेंगे। साथ ही, दिव्यांग और वृद्ध श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रैंप की व्यवस्था भी की जा रही है।