शिमला:
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के सुन्नी क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से लापता एक 48 वर्षीय व्यक्ति का शव रहस्यमयी परिस्थितियों में जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला है।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस को 23 जून को सूचना मिली थी कि बड़मैन धार के घने जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत मौके पर रवाना हुई।
घटनास्थल जंगल का एक दुर्गम ढांक वाला क्षेत्र था, जहाँ एक देवदार के पेड़ की टहनी से पीली और लाल रंग की रस्सी के सहारे शव लटका हुआ मिला। लंबे समय बीत जाने के कारण शव काफी हद तक सड़-गल चुका था।
पुलिस ने मौके पर बारीकी से निरीक्षण किया। शव पर मौजूद कपड़ों, रस्सी और शारीरिक बनावट के आधार पर पुलिस को अंदेशा हुआ कि यह शव प्रेम प्रकाश का हो सकता है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 21 मई 2026 को सुन्नी पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई थी।
परिजनों ने की पहचान, आत्महत्या का अंदेशा
सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता नील चंद, भाई इंद्र और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुँचे। उन्होंने कपड़ों और हुलिए को देखकर शव की पहचान प्रेम प्रकाश (पुत्र नील चंद, निवासी गांव जुब्बड़, डाकघर दुर्गापुर, तहसील सुन्नी) के रूप में की। पहचान प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा।
शव की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि मौत करीब एक महीने पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद शव को सुन्नी नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
पुलिस के अनुसार, परिजनों या ग्रामीणों ने अभी तक मौत को लेकर किसी तरह का कोई संदेह प्रकट नहीं किया है। प्राथमिक जांच में यह मामला फंदा लगाकर आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।