नाहन (सिरमौर):
देश की दूसरी सबसे पुरानी नगर पालिका परिषद 'नाहन' की सत्ता का फैसला आखिरकार पर्ची (लॉटरी सिस्टम) के सहारे हुआ। बुधवार को टाउन हॉल में आयोजित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उपमा धीमान अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रदीप सहोत्रा निर्वाचित हुए।
इस रोमांचक और कांटे के मुकाबले को लेकर सुबह से ही शहर का राजनीतिक पारा चढ़ा रहा, जिसके चलते टाउन हॉल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
विधायक के वोट से फंसा पेंच, दोनों पक्षों को मिले 7-7 मत
नाहन नगर परिषद में कुल 13 वार्ड हैं, जिनमें से 7 वार्डों में भाजपा और 6 वार्डों में कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने जीत दर्ज की थी। इस लिहाज से भाजपा का पलड़ा भारी था, लेकिन स्थानीय कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी का वैधानिक मत शामिल होने के कारण समीकरण बदल गए और दोनों पक्ष 7-7 मतों के साथ बराबरी के आंकड़े पर पहुंच गए।
मतदान के दौरान किसी भी तरफ से क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। मुकाबला टाई होने के बाद चुनाव अधिकारी एवं तहसीलदार नाहन उपेंद्र चौहान ने नियमानुसार पर्ची प्रणाली (Draw of Lots) से फैसला कराने का निर्णय लिया। दोनों दलों की मौजूदगी में बच्चों द्वारा बॉक्स से पर्ची निकाली गई, जिसमें अध्यक्ष के लिए उपमा धीमान और उपाध्यक्ष के लिए प्रदीप सहोत्रा का नाम निकला।
एक तरफ विजय जुलूस तो दूसरी तरफ रोष रैली
परिणाम घोषित होते ही जहां टाउन हॉल के बाहर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस भवन तक जोरदार विजय जुलूस निकाला, वहीं दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस प्रक्रिया के विरोध में टाउन हॉल से झांसी पार्क तक रोष रैली निकालकर अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराई।
24 साल की उम्र में शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपमा धीमान वर्तमान में सिरमौर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। उनका राजनीतिक सफर काफी पुराना है; वे 1995 में मात्र 24 वर्ष की आयु में राजगढ़ के शिलांजी वार्ड से जिला परिषद सदस्य चुनी गई थीं।
जीत के बाद उपमा धीमान ने विधायक और जनता का आभार जताते हुए कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड का समान विकास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। वहीं विधायक अजय सोलंकी ने इसे नाहन शहर की जीत बताते हुए कहा कि सभी पार्षदों को साथ लेकर शहर के विकास को नई गति दी जाएगी।