शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की गई है। ठियोग पुलिस की टीम ने बाईपास के पास नाकेबंदी के दौरान एक कार से 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (19 अप्रैल 2026) को ठियोग पुलिस की टीम बाईपास मार्ग पर नाके पर तैनात थी। इसी बीच पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि फागू की ओर से एक ग्रे रंग की मैग्नेट कार आ रही है, जिसमें सवार युवक मादक पदार्थों की खेप ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी और उक्त वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया।
तलाशी में बरामद हुआ नशा
पुलिस टीम ने जब संदिग्ध वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को जब्त कर कार सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरियाणा और पंजाब के निवासियों के रूप में हुई है। पवन (21 वर्ष) निवासी गांव चिढाना, सोनीपत, हरियाणा, नितिश पांडे (26 वर्ष) निवासी जगतपुर, मोहाली, पंजाब, रितिक सूरजभान (27 वर्ष) निवासी गांव शलाना, खरखौदा, सोनीपत, हरियाणा।
कानूनी कार्रवाई जारी
इस मामले में पुलिस थाना ठियोग में आरोपियों के खिलाफ एनडी&पीएस (ND&PS) अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग संख्या 53/2026 दर्ज किया गया है।शिमला पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और शिमला जिला में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस रैकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है।