सरकाघाट I
जिला मंडी के गोपालपुर क्षेत्र में कॉलेज छात्रा सिया की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस का दावा है कि मामले की करीब 70 प्रतिशत जांच मुकम्मल हो चुकी है, लेकिन हत्या के पीछे की असल वजह (Motiv) अभी भी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस अब क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (RFSL) की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार कर रही है, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गुत्थी को सुलझाया जा सके।
जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पुलिस अब तक 15 अहम गवाहों के बयान दर्ज कर चुकी है। इसके अलावा, मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए इलाके के 30 से 35 लोगों से गहन पूछताछ की गई है। हालांकि पुलिस के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं, लेकिन घटना के मूल कारणों का खुलासा होना अभी बाकी है।
आरोपी की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद, पुलिस उसे आज (सोमवार) दोबारा सरकाघाट न्यायालय में पेश करेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे के छिपे हुए पहलुओं और साजिश को बेनकाब करने के लिए आरोपी की रिमांड बढ़ाने का अनुरोध किया जाएगा। इस दौरान अदालत परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
विदित रहे कि 13 अप्रैल को नैण गांव की रहने वाली कॉलेज छात्रा सिया जब अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी, तभी घर से कुछ ही दूरी पर आरोपी ने दराट (तेजधार हथियार) से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों की सक्रियता से आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर नघला नाला के पास से गिरफ्तार कर लिया था।
मामले की जांच तेजी से चल रही है और साक्ष्यों को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल चुकी है और अब RFSL रिपोर्ट का इंतजार है। जल्द ही जांच को अंतिम रूप देकर मामले का पूरी तरह पटाक्षेप कर दिया जाएगा। — विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मंडी