मिडिल बाजार, लोअर बाजार, राम बाजार और कृष्णानगर में पुलिस की सघन चेकिंग, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
जिला शिमला में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस थाना सदर के अंतर्गत मिडिल बाजार, लोअर बाजार, राम बाजार और कृष्णानगर क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहरी) मेहर पंवार (आईपीएस) के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), थाना प्रभारी सदर, पुलिस चौकी लक्कड़ बाजार के प्रभारी सहित करीब 30 पुलिस और होमगार्ड जवान मौजूद रहे।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया और स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों तथा आम नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग करने की अपील की।
शिमला पुलिस ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराना, कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आम जनता के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना को और मजबूत करना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube