अब तक करीब 350 किसानों को मिल चुका है सम्मान, कार्तिक दत्त शर्मा बोले- आधुनिक तकनीक से खेती में नई पहचान बना रहे किसान
सोलन में सातवें प्रोग्रेसिव फार्मर अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सोलन, शिमला और किन्नौर जिले के 51 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर खेती में बेहतर काम करने वाले किसानों की मेहनत को पहचान देना और अन्य किसानों को भी नई तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
साईं कोर मशीनरी एंड बिल्डर्स सोलन के कार्तिक दत्त शर्मा ने बताया कि उनकी फर्म लंबे समय से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने का कार्य कर रही है। फर्म मुख्य रूप से सोलन, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों के किसानों के साथ जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि उपकरणों के इस्तेमाल से किसानों का काम आसान हो रहा है और समय व मेहनत की बचत भी हो रही है।
अब तक करीब 350 किसानों को मिल चुका है सम्मान
कार्तिक दत्त शर्मा ने बताया कि प्रोग्रेसिव फार्मर अवार्ड कार्यक्रम का यह सातवां संस्करण था। अब तक इस आयोजन के माध्यम से करीब 350 किसानों को सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी फसलें तैयार करते हैं। बदलते समय के साथ कई किसान परंपरागत खेती से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीक अपना रहे हैं और कृषि क्षेत्र में सफलता हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब किसी किसान को उसकी मेहनत के लिए सार्वजनिक मंच पर सम्मान मिलता है तो उसका आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही दूसरे किसानों को भी नए प्रयोग करने और बेहतर परिणाम हासिल करने की प्रेरणा मिलती है।
पहाड़ी क्षेत्रों में आधुनिक मशीनें किसानों के लिए मददगार
कार्तिक दत्त शर्मा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में खेती करना आसान नहीं है। यहां किसानों को भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आधुनिक कृषि मशीनें उनके लिए मददगार साबित हो सकती हैं। उनकी फर्म का प्रयास है कि छोटे और बड़े सभी किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाली मशीनें उचित दामों पर उपलब्ध करवाई जाएं।
उन्होंने बताया कि आयोजन में टेक्सास कंपनी का भी सहयोग मिलता रहा है। उनके अनुसार, डेनमार्क की यह कंपनी किसानों के लिए आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध करवाती है। उन्होंने दावा किया कि कंपनी की मशीनें अच्छी गुणवत्ता वाली हैं और उचित कीमत पर गारंटी के साथ उपलब्ध करवाई जाती हैं।
किसानों को कृषि उपकरण खरीदते समय सावधानी बरतने की सलाह
कार्तिक दत्त शर्मा ने किसानों को कृषि उपकरण खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, कीमत और गारंटी की जानकारी अवश्य लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी स्थान से मशीन खरीदें, लेकिन खरीद से पहले सभी जरूरी जानकारियां जरूर हासिल करें।
उन्होंने किसानों से अपील की कि मशीनों की खरीद से पहले वे उनसे भी संपर्क कर सकते हैं, ताकि उन्हें सही जानकारी मिल सके और वे किसी प्रकार की ठगी का शिकार न हों।
इस दौरान उन्होंने डंबरोग के राम रतन, कंडा के हरीश और ज्ञान, बेरगांव के अमर सिंह, किन्नौर की पद्मा डमडूल और सैनधार के अंशुल सहित अन्य प्रगतिशील किसानों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन किसानों ने अपने क्षेत्रों में बेहतर काम करके दिखाया है कि मेहनत, लगन और आधुनिक तकनीक के माध्यम से खेती में नई पहचान बनाई जा सकती है।
कार्तिक दत्त शर्मा ने कहा कि प्रोग्रेसिव फार्मर अवार्ड किसानों की सफलता को समाज के सामने लाने का प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मानित किसानों से प्रेरणा लेकर अन्य किसान भी आधुनिक तकनीक अपनाएंगे और हिमाचल प्रदेश में कृषि व बागवानी को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube