मंडी I
राजकीय माध्यमिक पाठशाला सैन बेहल में शनिवार को स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के आगामी तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। अभिभावकों की आम सभा में स्कूल की बेहतरी और बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अभिभावकों ने सर्वसम्मति से पूजा को स्कूल प्रबंधन समिति का नया अध्यक्ष चुना। कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों में हंसा देवी, महेश्वरी देवी (मधु), औरपूनम को शामिल किया गया है। निट्टू को वरिष्ठ सलाहकार और वार्ड सदस्य शांता देवी को पदेन सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया।
स्कूल प्रभारी राकेश कौशल ने बताया कि पूर्व प्रधान और कुछ सदस्यों के बच्चों के आठवीं कक्षा उत्तीर्ण कर जाने के कारण नई समिति का गठन अनिवार्य था। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक समय में स्कूल में छात्रों की संख्या काफी कम हो गई थी, लेकिन लगातार प्रयासों, शिक्षा संवाद और SMC बैठकों के माध्यम से अभिभावकों को प्रेरित किया गया।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पिछले वर्ष स्कूल की एक छात्रा का चयन नवोदय स्कूल पंडोह के लिए हुआ, जिससे स्कूल की शिक्षा गुणवत्ता पर ग्रामीणों का विश्वास बढ़ा।इस सत्र में बच्चों की संख्या 9 से बढ़कर 14 हो गई है, जिसमें नवनियुक्त अध्यक्ष पूजा जी का विशेष योगदान रहा है। इस वर्ष भी एक छात्रा ने नवोदय की परीक्षा दी है, जिससे स्कूल स्टाफ को काफी उम्मीदें हैं।
संसाधनों की कमी के बावजूद स्कूल स्टाफ बच्चों के भविष्य के साथ समझौता नहीं कर रहा है। स्कूल प्रभारी ने बताया कि प्राइमरी स्कूल में वर्तमान में केवल एक ही अध्यापक कार्यरत है, ऐसी स्थिति में मिडिल स्कूल के अध्यापक चौथी और पांचवीं कक्षा के बच्चों को भी पढ़ा रहे हैं ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
नवनियुक्त प्रधान पूजा ने सभी अभिभावकों और स्कूल स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "सभी के सहयोग से इस बार प्राइमरी और मिडिल स्कूल में बाहर से 8 नए बच्चे लाए गए हैं। मेरा लक्ष्य अपने सहयोगी सदस्यों के साथ मिलकर स्कूल की बेहतरी के लिए काम करना और इस SMC को जिला मंडी में एक आदर्श समिति के रूप में पहचान दिलाना है।"
बैठक में नीलम देवी, नरेश कुमार, कमलेश कुमारी, सपना कुमारी, निशा देवी, ज्योति, मधु देवी, पिला देवी, लक्ष्मण, सुबोध, सीता देवी, जीयासी, दोद राज, किशोरी लाल, शेर सिंह सहित कई अभिभावक मौजूद रहे। स्कूल स्टाफ की ओर से देविन्दरी, दलीप कुमार, रमेश लाल, जमना देवी, विक्की, राजिंदर, दरुमती और रामदेई ने भी बैठक में हिस्सा लिया।