शिमला I
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल 2026 से हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रही हैं। उनके इस प्रवास को लेकर राजधानी शिमला सहित पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार, राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को तीन सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा का जिम्मा एक हजार से अधिक पुलिस जवानों को सौंपा गया है। इसके साथ ही राज्य खुफिया एजेंसी (CID) भी मुस्तैद है। डीआईजी दक्षिणी परिक्षेत्र अंजुम आरा और एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने जवानों को ड्यूटी को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
शनिवार और रविवार को शिमला से छराबड़ा स्थित 'द रिट्रीट' तक कारकेड रिहर्सल (काफिले का अभ्यास) किया गया। इस दौरान शहर के कई मुख्य मार्गों पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी गई।
शिमला पुलिस ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे वीआईपी मूवमेंट के दौरान वैकल्पिक मार्गों और बाईपास का उपयोग करें। साथ ही सड़कों के किनारे वाहन पार्क न करने का आग्रह किया गया है ताकि आपातकालीन वाहनों और एंबुलेंस को प्राथमिकता मिल सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 29 अप्रैल को लाहौल-स्पीति जिले का दौरा करेंगी। वह अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पहुंचेंगी और लगभग एक घंटे तक सिस्सू क्षेत्र में रहेंगी। उनके स्वागत के लिए जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (BRO) ने पुख्ता तैयारियां की हैं।
राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा कारणों से अटल टनल से सिस्सू हेलीपैड तक के क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है। शनिवार को सेना के एम-17 हेलीकॉप्टर के माध्यम से सिस्सू और मनाली के सासे हेलीपैड पर लैंडिंग का अभ्यास भी किया गया।