शिक्षा संवाद दिवस का भी हुआ आयोजन, बीडीसी सदस्य पूजा कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत; बच्चों को मिठाई और प्रतिभागियों को दिए पुरस्कार
शिक्षा खंड सदर-I के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक पाठशाला सैनबैहल में प्राइमरी और मिडिल स्कूल के बच्चों ने शिक्षक दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा संवाद दिवस का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य श्रीमती पूजा कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ पधिउं पंचायत की पूर्व वार्ड सदस्य भी मौजूद रहीं। वहीं स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान श्रीमती पूजा विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुईं।
सरस्वती वंदना से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। मुख्यातिथि पूजा कुमारी का स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान श्रीमती पूजा और अध्यापिका जमना देवी ने टोपी पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद स्कूल स्टाफ की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर प्राइमरी और मिडिल स्कूल के बच्चों ने कविताओं और भाषणों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को रंगारंग बनाने के लिए छोटे बच्चों ने डांस और नाटी की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
स्कूल प्रभारी राकेश कौशल ने कहा कि शिक्षक दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को एक आदर्श नागरिक बनाने में शिक्षक की भूमिका और महत्व से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं, ताकि वे बड़े होकर अपने परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सकें।
मुख्यातिथि पूजा कुमारी ने सभी बच्चों और अध्यापकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को बेहतर नागरिक बनाने में शिक्षकों की भूमिका के महत्व को समझें और विद्यालय के साथ मिलकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग करें।
स्कूल में बच्चों की संख्या दोगुनी होने पर जताई खुशी
स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान श्रीमती पूजा ने सभी अभिभावकों का स्कूल पहुंचने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार जताया। उन्होंने मुख्यातिथि पूजा कुमारी का भी स्कूल आने के लिए धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि इस बार स्कूल में बच्चों की संख्या दोगुनी करने में अध्यापकों और अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भविष्य में भी स्कूल की बेहतरी के लिए स्कूल स्टाफ को पूरा सहयोग देने की बात कही।
बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्कूल प्रबंधन समिति की प्रधान ने कविताएं सुनाने और नाटी प्रस्तुत करने वाले बच्चों को चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया। वहीं मुख्यातिथि पूजा कुमारी ने भी बच्चों को अपनी ओर से मिठाई वितरित की।
मन्नत और तन्वी ने संभाली कार्यक्रम की कमान
कार्यक्रम का संचालन छात्राओं मन्नत और तन्वी ने बखूबी किया। कार्यक्रम के अंत में कविताएं सुनाने, डांस और नाटी प्रस्तुत करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर मिडिल स्कूल से जमना मैडम, रमेश लाल, विक्की, खाना बनाने वाली कुक रामदेई और द्रोमती देवी, राजिंदर सिंह सहित स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य हंसा देवी, मधु गुलेरिया, कमलेश कुमारी, सपना देवी, निशा देवी, ज्योति और अन्य अभिभावक मौजूद रहे।
अतिथियों को परोसी गई मंड्याली धाम
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यातिथि और अन्य सभी अतिथियों को मंड्याली धाम परोसी गई। इस दौरान सभी ने स्थानीय परंपरा और संस्कृति से जुड़े इस आयोजन का आनंद लिया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube