द्रंग के युवा समाजसेवी ज्योति कपूर ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत, मेले कमेटी को 21 हजार और महिला मंडल व स्कूली बच्चों को दी सहयोग राशि
उपमंडल पधर की ग्राम पंचायत सीयून में आयोजित एक दिवसीय हिमरी गंगा मेला धूमधाम और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। मेले में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के युवा समाजसेवी एवं प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा महासचिव ज्योति कपूर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला कमेटी की अध्यक्ष अंजना देवी और सदस्यों ने ज्योति कपूर का शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
देवी-देवताओं से लिया आशीर्वाद, हिमरी गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
ज्योति कपूर ने मेले में पहुंचे देवी-देवताओं के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही उन्होंने हिमरी गंगा में आस्था की डुबकी भी लगाई। मेले में क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का निर्वहन किया।
अपने संबोधन में ज्योति कपूर ने कहा कि ग्रामीण मेले हमारी प्राचीन संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों में लोगों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेलों के माध्यम से लोगों को सालभर बाद एक छत के नीचे एकत्रित होने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही देवी-देवताओं के दर्शन और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य भी मिलता है।
ज्योति कपूर ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज युवा वर्ग नशे की चपेट में फंसता नजर आ रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया, ताकि उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रखा जा सके।
उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और एकाग्रता के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि संसार में कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं है, जरूरत सिर्फ उस लक्ष्य पर फोकस करने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की है।
महिला मंडल और स्कूली बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
मेले के दौरान महिला मंडल की महिलाओं और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समां बांधा। कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और प्रतिभा की झलक देखने को मिली। इसके अलावा मेले में बॉलीबाल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
मेला कमेटी और बच्चों को दी सहयोग राशि
मेले के सफल आयोजन के लिए ज्योति कपूर ने मेला कमेटी को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। वहीं महिला मंडल की महिलाओं को 31-31 सौ रुपये तथा दो स्कूलों के बच्चों को 21-21 सौ रुपये की सहयोग राशि दी। आयोजकों और स्थानीय लोगों ने इस सहयोग के लिए उनका आभार जताया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube