चंडीगढ़, 8 जून। सुंदरनगर के विधायक एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र उत्तर क्षेत्र-द्वितीय सम्मेलन में भाग लिया।
सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विधानसभा अध्यक्षों, पीठासीन अधिकारियों, विधायकों तथा जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सम्मेलन में लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में जनप्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं और जागरूक समाज की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में विकसित भारत-2047 से जुड़े अवसरों, चुनौतियों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने, संसदीय परंपराओं को सुदृढ़ करने और जनहित से जुड़े विषयों पर अनुभव साझा किए गए।
उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सुशासन के नए आयाम विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। राकेश जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के अनुरूप विकसित भारत-2047 का संकल्प तभी साकार होगा,
जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मंच लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।