मंडी
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर सुक्खू सरकार के खिलाफ बड़ा सियासी हमला बोला है।
मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती के बीच चल रही जुबानी जंग पर कड़ा रुख अख्तियार किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा नीरज भारती को 'नशेड़ी' करार दिए जाने और जवाब में भारती द्वारा मुख्यमंत्री पर खुद नशा करने के आरोप लगाने से प्रदेश सरकार के खोखले नशामुक्त अभियान की असलियत जनता के सामने आ गई है।
उन्होंने सीधे मुख्यमंत्री से सवाल किया कि अगर नीरज भारती इतने ही बड़े नशेड़ी थे, तो कांग्रेस ने उन्हें लंबे समय तक अपनी पार्टी का उपाध्यक्ष क्यों बनाकर रखा था।
'अटैची संस्कृति' से धूमिल हुई देवभूमि की छवि, भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
सरकार को घेरते हुए जयराम ठाकुर ने कांग्रेस राज में पनप रहे कथित भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि जो बातें पहले केवल चौक-चौराहों पर चर्चा का विषय हुआ करती थीं, उन्हें अब खुद कांग्रेस के नेता और विधायक सरेआम स्वीकार करने लगे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार के दलदल में डूब चुकी है और जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा अवैध रूप से 'अटैचियों' में भरकर दिल्ली दरबार भेजा जा रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि भ्रष्टाचार के पैसे से भरी तीन अटैचियां सीधे दिल्ली आलाकमान को भेजी जाती हैं, जबकि दो अटैचियां प्रदेश के भीतर ही बंदरबांट के लिए रख ली जाती हैं। इस 'अटैची संस्कृति' ने देवभूमि हिमाचल की छवि को देश भर में धूमिल किया है और वर्तमान प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से पंगु होकर रह गया है।
मंडी जिला परिषद में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 36 में से 29 पार्षदों का समर्थन
मंडी जिला परिषद के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा ने एक बड़ा सियासी उलटफेर करते हुए अपनी भारी ताकत का प्रदर्शन किया। मंडी जिला परिषद की कुल 36 सीटों में से मूल रूप से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 25 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन शपथ ग्रहण से ठीक पहले बीजेपी के बागी और असंतुष्ट सदस्यों के शामिल होने से यह संख्या
बढ़कर 29 हो गई। इन सभी 29 सदस्यों ने एक साथ जाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली और इससे पूर्व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि हिमाचल के राजनीतिक इतिहास में स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस पार्टी की ऐसी दुर्गति पहले कभी नहीं हुई।
प्रदेशभर में करीब 75 प्रतिशत प्रधान-उपप्रधान भाजपा समर्थित जीते हैं और नगर निगमों के चार में से तीन स्थानों पर भाजपा ने शानदार विजय दर्ज की है, जिसके दम पर इतिहास में पहली बार प्रदेश की 12 में से 10 जगहों पर भाजपा समर्थित जिला परिषद बनने जा रही है।
सीएम के गृह जिले में कांग्रेस साफ, 2027 में छोटी 'ऑल्टो कार' में समा जाएगी पार्टी
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को उनके ही गृह जिला हमीरपुर और विधानसभा क्षेत्र नादौन में घेरते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इसका स्पष्ट प्रमाण यह है कि मुख्यमंत्री अपने गृह जिले में मात्र एक जिला परिषद सीट ही जीत पाए हैं, जबकि उनके अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन जिला परिषद सीटों पर जीत का परचम लहराया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इन विफलताओं के बावजूद मुख्यमंत्री झूठ का सहारा लेकर कांग्रेस हाईकमान के सामने अपनी प्रशासनिक और राजनीतिक नाकामी को छिपाने का असफल प्रयास कर रहे हैं।
इस ऐतिहासिक जनादेश को सुक्खू सरकार के कुशासन के खिलाफ जनता का करारा थप्पड़ बताते हुए उन्होंने भविष्यवाणी की कि 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस इतनी बुरी तरह सिमट जाएगी कि उनके कुल जीतकर आने वाले विधायकों की संख्या एक छोटी 'ऑल्टो कार' में समा जाएगी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर नेता प्रतिपक्ष के साथ मंडी के विधायक अनिल शर्मा, विनोद कुमार, पूर्ण चंद, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।