मंडी I
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल ने मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में जारी अवैध खनन को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खनन माफिया को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते प्राकृतिक संसाधनों की सरेआम लूट हो रही है और सरकार पूरी तरह मौन है।
राकेश जमवाल ने आंकड़ों के साथ सरकार को घेरते हुए कहा कि अवैध खनन के कारण धर्मपुर क्षेत्र में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है पिछले कुछ वर्षों में अवैध खनन की वजह से 200 बीघा से अधिक कृषि भूमि बंजर या प्रभावित हो चुकी है।
क्षेत्र की 4 से 5 प्रमुख पेयजल योजनाएं सीधे तौर पर प्रभावित हुई हैं, जिससे हजारों ग्रामीणों के सामने पानी की बूंद-बूंद का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र की दो प्रमुख खड्डों से लगातार मशीनों के जरिए खनिज संपदा निकाली जा रही है, जिससे पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है।
जमवाल ने कहा कि उन्होंने स्वयं कई बार विधानसभा के भीतर इस गंभीर मुद्दे को उठाया, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे अनसुना कर दिया। उन्होंने कहा यह सरकार की नीयत और नीति दोनों पर सवाल खड़े करता है।
खनन माफिया को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए वे प्रशासन से भी नहीं डरते। यहाँ तक कि माननीय उच्च न्यायालय की टिप्पणियों को भी ठंडे बस्ते में डाला जा रहा है। — राकेश जमवाल, मुख्य प्रवक्ता भाजपा
राकेश जमवाल ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अवैध खनन पर तुरंत प्रभाव से पूर्ण रोक लगाई जाए। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
प्रभावित क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और पेयजल योजनाओं की मरम्मत के लिए पुनर्वास कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेगी।