धर्मशाला I
धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन के अंतिम दिन शहर में भारी राजनीतिक हलचल रही। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों के प्रत्याशियों ने अपने बड़े नेताओं और समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन दाखिल किए। नामांकन के अंतिम दिन न केवल चुनावी अखाड़े की तस्वीर साफ हुई, बल्कि दोनों दलों की ओर से जीत के बड़े दावे भी किए गए।
धर्मशाला नगर निगम के 17 वार्डों के लिए भाजपा ने जहां एक साथ अपने सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी, वहीं कांग्रेस की सूची किश्तों में आई। कांग्रेस ने पहले 8, फिर 7 और अंत में शनिवार को बचे हुए वार्ड नंबर 9 और 13 के लिए प्रत्याशियों के नाम फाइनल किए। वार्ड 9 से सुमित और वार्ड 13 से संदीप बैंस को कांग्रेस का आधिकारिक उम्मीदवार बनाया गया है।
धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में हुंकार भरते हुए कहा कि भाजपा ने इस बार अधिकतर युवा और नए चेहरों पर दांव खेला है। उन्होंने टिकट कटने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पूर्व मेयर और डिप्टी मेयर पर तीखा हमला बोला।
कुछ लोगों को लगता है कि वे पार्षद नहीं बनेंगे तो शायद उन्हें ऑक्सीजन ही नहीं मिलेगी या सांस ही नहीं आएगी। यह देखना जरूरी है कि बतौर पार्षद उनके कार्यकाल में शहर के लिए क्या योगदान रहा है। — सुधीर शर्मा, विधायक
सुधीर शर्मा ने दावा किया कि पिछले एक दशक में नगर निगम के कार्यकाल से जनता में रोष है क्योंकि विकास धरातल पर नहीं उतरा। उन्होंने कहा कि वह खुद एक कार्यकर्ता के रूप में भाजपा प्रत्याशियों की जीत के लिए काम करेंगे।
कांग्रेस नेता और पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि कांग्रेस के सभी 17 प्रत्याशियों ने नामांकन दर्ज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी विकास के एजेंडे के साथ मैदान में उतर रही है।
वाल्मीकि समुदाय द्वारा किए जा रहे विरोध पर जग्गी ने कहा कि यह एक सामान्य गतिरोध है और बैठक कर इसे सुलझा लिया जाएगा। जग्गी ने बताया कि वार्ड 13 से लगातार जीतती आ रही सविता कार्की ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने से मना किया था, जिसके बाद दो बार के प्रधान रहे संदीप बैंस को मौका दिया गया है।
भाजपा और कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के बीच बड़ी संख्या में आजाद प्रत्याशियों ने भी नामांकन भरकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। विशेषकर दोनों दलों के बागी नेता, जिन्हें टिकट नहीं मिला, वे चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।