बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा एवं आवास मंत्री राजेश धर्माणी ने बीते शाम भाषा एवं संस्कृति विभाग के सभागार में ‘बिलासपुर: परिवर्तन की कहानी’ शीर्षक वाली एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का विधिवत लोकार्पण किया। यह डॉक्यूमेंट्री बिलासपुर के डूबने से लेकर आधुनिक शहर के रूप में उभरने तक की प्रेरक यात्रा को दर्शाती है।
लोकार्पण के अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि बिलासपुर केवल एक जिला नहीं, बल्कि समृद्ध इतिहास और प्रगतिशील सोच का संगम है। उन्होंने भाखड़ा बांध निर्माण के ऐतिहासिक त्याग को याद करते हुए कहा कि देश के लिए बिलासपुर ने अपना पुराना शहर गोविंद सागर झील में समाहित कर दिया, लेकिन वही त्याग आज देश की हरित और औद्योगिक क्रांति की नींव बना है।
इसमें सतलुज किनारे बसे पुराने बिलासपुर की यादों और संस्कृति को सहेजा गया है।आधुनिक बुनियादी ढांचे, शिक्षा, पर्यटन और सामाजिक क्षेत्र में हुई प्रगति का सजीव चित्रण। यह फिल्म युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली अतीत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
राजेश धर्माणी ने उपायुक्त (DC) बिलासपुर राहुल कुमार और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन ने इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से बिलासपुर की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह डॉक्यूमेंट्री न केवल पर्यटकों के लिए सूचनाप्रद होगी, बल्कि शोधकर्ताओं के लिए भी उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और शहर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग भी की गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।