भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने सरकार पर लगाए आरोप, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज फर्नीचर खरीद और शिमला प्रदर्शन को लेकर भी उठाए सवाल
देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह पर दर्ज एफआईआर को लेकर हिमाचल प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि विकास कार्यों के मुद्दे उठाने के कारण सरकार घबरा गई है और इसी वजह से पूर्व विधायक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि जब से होशियार सिंह ने देहरा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे उठाने शुरू किए हैं, तब से प्रदेश सरकार ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि विधायक की ऐच्छिक निधि का उपयोग करना जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है, लेकिन इस पर भी कांग्रेस सरकार सवाल उठा रही है, जो उचित नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने देहरा उपचुनाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उस दौरान महिला मंडलों को पैसे बांटे गए थे। उन्होंने सवाल किया कि उस समय सरकार ने एफआईआर क्यों दर्ज नहीं करवाई।
उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री महिला मंडलों के इतने हितैषी हैं तो प्रदेश के सभी महिला मंडलों को समान रूप से सहायता उपलब्ध करवाई जानी चाहिए थी।
हमीरपुर मेडिकल कॉलेज फर्नीचर खरीद पर भी सरकार को घेरा
राजेंद्र राणा ने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में फर्नीचर खरीद मामले को लेकर भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 20 करोड़ रुपये के फर्नीचर को 38 करोड़ रुपये में खरीदने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से सवाल किया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए फर्नीचर खरीद प्रक्रिया अब तक पूरी क्यों नहीं हुई है और फाइल पर हस्ताक्षर क्यों नहीं किए गए।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पहले फर्नीचर खरीद के लिए सीपीडब्ल्यूडी को अधिकृत किया गया था, लेकिन बाद में किसके कहने पर यह जिम्मेदारी उनसे वापस ली गई।
शिमला प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
शिमला में भाजपा और कांग्रेस के आमने-सामने विरोध प्रदर्शन को लेकर राजेंद्र राणा ने कहा कि धरना-प्रदर्शन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन सत्ता का दुरुपयोग कर किसी राजनीतिक दल के कार्यालय को घेरना गलत है।
वहीं दिल्ली में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर हो रहे प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र से जुड़ा मामला है और इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube