कांगड़ा
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा PMKSY 2.0 के अंतर्गत अंबेडकर भवन फतेहपुर में महिला सशक्तिकरण एवं कृषि यंत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में करीब 120 महिलाओं और किसानों को सिलाई मशीनें तथा पावर टिलर व पत्तल-डोना मशीन जैसे कृषि उपकरण वितरित किए गए। समारोह में राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) एवं फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जाए।
महिलाओं के हाथों को काम, आत्मनिर्भरता की ओर कदम
सिलाई मशीन प्राप्त करने वाली महिलाओं ने इसे अपने जीवन की नई शुरुआत बताया। उनका कहना था कि अब वे घर बैठे अपने हुनर के बल पर आय अर्जित कर सकेंगी और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदार बनेंगी। कई महिलाओं के चेहरों पर आत्मविश्वास और उत्साह साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि यह सहायता उनके लिए केवल एक मशीन नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मनिर्भरता का माध्यम है।
किसानों को आधुनिक ताकत, बढ़ेगी उत्पादन क्षमता
कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण भी प्रदान किए गए। किसानों ने बताया कि पावर टिलर और अन्य यंत्रों से खेती के कार्य में तेजी आएगी, श्रम व समय की बचत होगी और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।
विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि जब किसान तकनीक से जुड़ेगा और महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी गांव और प्रदेश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ बनेगी। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।